भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों का नामांकन आज : दुर्ग में विजय बघेल की रैली में शामिल होंगे CM साय

0

भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों का नामांकन आज : दुर्ग में विजय बघेल की रैली में शामिल होंगे CM साय

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी सोमवार यानी आज नामांकन दाखिल करेंगे। रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल रैली निकालकर नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं दुर्ग से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू और सरगुजा लोकसभा सीट से शशि सिंह पर्चा भरेंगी। रायपुर में बृजमोहन अग्रवाल थोड़ी एकात्म परिसर से रैली निकालकर नामांकन दाखिल करेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, सांसद सुनील सोनी भी मौजूद रहेंगे।

भाजपा ने दुर्ग लोकसभा के अंतर्गत आने वाले सभी भाजपा विधायकों को 4-4 हजार लोगों की भीड़ लाने का टारगेट दिया है। कुछ ऐसा ही टारगेट कांग्रेस को भी दिया गया है। विजय बघेल की नामांकन रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, दयालदास बघेल सहित पूरे लोकसभा क्षेत्र से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

नामांकन रैली के पूर्व रविशंकर स्टेडियम स्थित मानस भवन मैदान में सुबह 11 बजे एक जनसभा होगी। इसके बाद मानस भवन से नामांकन रैली निकलेगी जो पचरी पारा कुआ चौक, फरिश्ता कांप्लेक्स, इंदिरा मार्केट, पुराना बस स्टैंड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। यहां विजय बघेल अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा के सभी विधायकों ने भीड़ जुटाने के लिए अपने अपने विधानसभा क्षेत्र में प्रचार प्रसार कर लोगों से नामांकन में पहुंचने का आह्वान किया है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने भी अपने विधायकों और पदाधिकारियों के साथ-साथ साहू समाज को साधने का काम किया है।

भीड़ जुटाने की होड़ में सबसे बड़ी चुनौती भिलाई के भाजपा जिला अध्यक्ष महेश वर्मा को होने वाली है। यहां भाजपा के बड़े नेताओं से लेकर पदाधिकारियों और पार्षदों में खासी खींचतान देखने को मिल रही है। नामांकन रैली में 4 हजार लोगों की भीड़ जुटाने को लेकर भिलाई भाजपा कार्यालय में दोपहर तीन बजे प्रेसवार्ता आयोजित की गई थी।

वैशाली नगर विधानसभा रिकेश सेन के तय समय पर नहीं पहुंचने से प्रेसवार्ता शाम 5 बजे के बाद शुरू हुई। जब समय पर विधायक नहीं पहुंच पाए तो जिलाध्यक्ष महेश वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश शर्मा और मीडिया प्रभारी भोज राज भोजू के साथ प्रेसवार्ता शुरू की गई। बाद में विधायक रिकेश सेन प्रेसवार्ता में पहुंचे, लेकिन तब तक आधे से अधिक मीडिया पर्सन जा चुके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *