अलका लांबा बोलीं-रावण जैसे काम कर रहे PM मोदी:भिलाई में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- राम होते तो कहते, 10 साल आपने अन्याय किया
अलका लांबा बोलीं-रावण जैसे काम कर रहे PM मोदी:भिलाई में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- राम होते तो कहते, 10 साल आपने अन्याय किया


महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने पीएम मोदी को रावण कहा है। भिलाई में शुक्रवार को आयोजित कांग्रेस की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अलका ने कहा कि पीएम मोदी राम का नाम लेकर रावण का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम खुद को राम भक्त कहते हैं, लेकिन भगवान राम भी होते तो कहते कि, 10 साल आपने अन्याय किया है।
अलका लांबा ने कहा कि बीजेपी 400 सीट इसलिए मांग रही है, क्योंकि RSS और बीजेपी संविधान को बदलना चाहते हैं। संविधान बदलकर वे केवल अपने एजेंट को जनता पर थोपना चाहते हैं।
अलका लांबा बोलीं- पीएम मोदी रावण की तरह काम कर रहे
सभा को संबोधित करते हुए अलका लांबा ने पीयेम मोदी को रावण की तरह काम करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि अगर सच्ची आस्था हो तो भगवान की मूर्तियां भी बोल पड़ती हैं। बात करते हैं भगवान से। अगर इतनी अच्छी आस्था हो, धर्म के प्रति निष्ठा हो, तो प्रधानमंत्री जी भगवान राम के सामने खड़े तो होइए।
भगवान राम अगर उनसे बात करने लगे, तो भगवान राम भी यही कहेंगे कि तुमने 10 साल अन्याय किया है। तुमने अपना राज धर्म नहीं निभाया। हिंदू, मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद ये एक रंग में हैं, इसे बांटना चाहते हो। रावण ने मां सीता का हरण किया, तो क्या हुआ, पूरी लंका को उन्होंने आग लगा दी।
लेकिन प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं। कितनी माताएं न्याय मांग रही हैं। कितनी बेटियां-बहनें न्याय मांग रही हैं। आप अपने आपको श्रीराम का भक्त कहते हैं, लेकिन आपमें मर्यादाएं खत्म हो चुकी हैं।