फैक्ट्री की दीवार पर खड़े हो मोबाइल से बना रहा था रील, पैर फिसला, गिरने से मौत
फैक्ट्री की दीवार पर खड़े हो मोबाइल से बना रहा था रील, पैर फिसला, गिरने से मौत

भिलाई
जामुल थाना अंतर्गत सोशल मीडिया के लिए रील बनाते समय श्रमिक 15 फीट ऊंची दीवार से गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया। इस बीच साथी श्रमिक उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि नवा तरिया सरिया वाशिंग चौक में अजीत मेटेलिक नाम की कंपनी है। मृतक बबलू प्रसाद (37 वर्ष) वहीं के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। जबकि उसकी पत्नी और बच्चे आर्य नगर कोहका में आंगनबाड़ी के पास किराए के कमरे में रहते थे। मृतक पिछले तीन साल से हेल्पर के पद पर काम कर रहा था।
कंपनी में कुछ काम चल रहा था। मंगलवार को बबलू 15 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर काम करवा रहा था। दीवार पर चढ़कर सेल्फी लेने के साथ ही वीडियो बना रहा था। इस बीच बबलू का दीवार से पैर फिसल गया और नीचे गिर गया। उसे देखकर बाकी मजदूर बचाने के लिए भागे, लेकिन उसकी हालत काफी खराब थी। उसे तुरंत नजदीकी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
