नशे की हालत में पति ने हसिया लेकर पत्नी पर किया जानलेवा हमला
नशे की हालत में पति ने हसिया लेकर पत्नी पर किया जानलेवा हमला

दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत पति पत्नी में गैस सिलेंडर भरारने के नाम पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे की हालत में पति ने घर में पड़े हसिया से पत्नी के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जेवरी सिरसा चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे ने बताया कि राकेश यादव और उसकी पत्नी रुखमणी यादव मजदूरी का काम करते हैं।
उनके दो लड़की और एक लड़का है। तीन दिन पहले घर में सिलेंडर खत्म हो जाने के चलते रुखमणी ने राकेश को गैस सिलेंडर भराने के लिए कहा था। राजेंद्र आज कल आज कल कर रहा था। रुखणी यादव ने जेवरा सिरसा पुलिस को बताया कि रसोई सिलेंडर काफी दिनों से खाली होने से खाना पकाने में परेशानी हो रही थी। तीन दीन बीत जाने के बाद भी जब राकेश ने सिलेंडर नहीं भरवाया तो रुखमणी काफी नाराज हुई। रविवार की शाम राकेश नशे की हालात में घर पहुंचा।
इससे रुखमणी नाराज होने लगी और सिलेंडर नहीं भरवाने की बात पर उसे टोक दिया। इससे राकेश तैश में आ गया और दोनो के बीच बहस होने लगी। रुखमणी ने सिलेंडर ना भरा होने से खाना नहीं बन पाने की बात कही। इससे राकेश गाली गलौज करने लगा और घर में पड़े हिसिया से उसके ऊपर हमला कर दिया। हसिया रुखमणी की पीठ में पूरा का पूरा घुस गया।
इससे वो लहू लुहान होकर वहीं गिर गई। आसपास के लोगों ने बच्चों के चिल्लाने पर मदद की और रुखमणी को घायल हालत में दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इधर जेवरा सिरसा पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
