महिला हैंडबॉल स्पर्धा: हेमचंद विवि ने बीकानेर को 15-9 से पराजित किया
महिला हैंडबॉल स्पर्धा: हेमचंद विवि ने बीकानेर को 15-9 से पराजित किया

भिलाई/ उदयपुर में चल रही अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन हैंडबॉल महिला स्पर्धा में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की टीम ने गंगाधर विश्वविद्यालय बिकानेर की टीम को 15-9 से पराजित किया। इससे पहले पेरियार विश्वविद्यालय सालेम के साथ हुए मुकाबले में टीम को 25-7 से हार का सामना करना पड़ा। तीसरे लीग मैच में दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम से भी पराजय मिला। यह स्पर्धा 12 से 16 अप्रैल तक उदयपुर विश्वविद्यालय में हुई। इसमें शामिल होने के लिए हेमचंद विवि की टीम 9 अप्रैल को दुर्ग स्टेशन से उदयपुर के लिए रवाना हुई थी। टीम की कोच सुनिधि मिश्रा और मैनेजर विवि के संचालक खेल और शारीरिक शिक्षा डॉ. दिनेश नामदेव थे।
डॉ. नामदेव ने बताया कि मैचों में अंकिता वर्मा, कनक माली, प्रिया तिवारी, मदिहा अहमद, प्रियंका बर्वे, अर्चना और नेहा ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। उदयपुर जाने के पहले टीम के सदस्यों को बीएसपी स्कूल सेक्टर-10 में 7 दिन प्रशिक्षण दिया गया। हेमचंद विवि हैंडबॉल की टीम ने पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीन स्पर्धा में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। टीम के अन्य सदस्य ए. अर्चना, पूजा शर्मा, पूजा साहू, सुषमा साहू, तेजस्वनी निर्मलकर, दुर्गेश्वरी, प्रियंका, दिव्या साहू, प्रियंका यादव और मानसी नेताम थीं।
