राजेंद्र पार्क के पास स्कूटी सवार के ऊपर होर्डिंग का फ्लेक्स गिरा, गंभीर रूप से घायल
राजेंद्र पार्क के पास स्कूटी सवार के ऊपर होर्डिंग का फ्लेक्स गिरा, गंभीर रूप से घायल

दुर्ग / स्कूटी चलाते हुए युवक राजेंद्र पार्क चौक से गुजर रहा था, तभी सड़क के पास लगे होर्डिंग का फ्लेक्स उड़कर आया और युवक पर गिरा। स्कूटी सवार फ्लैक्स से पूरी तरह ढक गया। वह बीच सड़क पर ही गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि पीछे से कोई बड़ी गाड़ी नहीं आ रही थी अन्यथा वह रौंदा जाता। शहर में होर्डिंग्स की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। होर्डिंग में लगे फ्लेक्स जर्जर हालत में होने के बाद भी उसे नहीं निकाला जाता, जिसके चलते दुर्ग के राजेंद्र पार्क के पास हादसा हुआ है।
कुछ दिनों पहले ही कलेक्टर ने निगम प्रशासन को शहर में लगे सभी होर्डिंग की जांच करने के निर्देश दिए थे। लेकिन निगम प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया। निगम कमिश्नर लोकेश चंद्राकर का कहना है कि कुछ दिन पहले ही होर्डिंग एडवरटाइजमेंट वालों की बैठक ली थी। उन्हें सुरक्षा का ध्यान रखने कहा गया था। राजेंद्र पार्क का मामला संज्ञान में आया है। होर्डिंग संचालक से जवाब मांगा जाएगा।
